मुख्यमंत्री ने किया दैनिक 'लोकमाया' का विमोचन
रायपुर, 10 दिसम्बर 2010

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां न्यू सर्किट हाउस में रायपुर से प्रकाशित दोपहर के दैनिक समाचार पत्र 'लोकमाया' के प्रवेशांक का विमोचन किया। विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री श्री अजीत जोगी, स्वास्थ्य मंत्री श्री अमर अग्रवाल, कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री रविन्द्र चौबे, दैनिक हरिभूमि के प्रबंध संपादक श्री हिमांशु द्विवेदी, दैनिक नई दुनिया के स्थानीय सम्पादक श्री रवि भोई और दैनिक भास्कर भोपाल (मध्य प्रदेश) के राज्य प्रमुख श्री अभिलाष खांडेकर विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 'लोकमाया' के 'ई-पेपर' अंक का भी लोकार्पण्ा किया। मुख्यमंत्री ने लोकमाया समाचार पत्र के प्रकाशक और संपादक श्री अशोक भटनागर सहित समाचार पत्र परिवार से जुड़े सभी लोगों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकमाया समाचार पत्र भी छत्तीसगढ़ में साफ-सुथरी और रचनात्मक पत्रकारिता की गौरवशाली परम्परा के अनुरुप अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सफल होगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रध्दांजलि अर्पित की। डॉ. सिंह ने कहा कि आज अमर शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान दिवस है। जो आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और देश के लिए किए गए बलिदान की याद दिलाता रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम शहीद थे, जिन्होंने वर्ष 1857 के पहले ही वर्ष 1855 से अंग्रेजों की सल्तनत को चुनौती देने का साहस दिखाया और अकाल पीड़ित अपनी जनता के लिए अनाज के गोदाम खुलवा दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह की प्रेरणा से राज्य सरकार ने प्रदेश के गरीब परिवारों को सस्ते चावल देने की योजना प्रारंभ की है। इस अवसर पर अतिथियों ने भी लोकमाया समाचार पत्र से जुड़े सभी लोगों को शुभकमनाएं और बधाई दी।

