मुख्यमंत्री आज सरगुजा और रायगढ़ जिले के तूफानी दौरे पर : जनता को देंगे अनेक विकास कार्यों की सौगात
रायपुर में राष्ट्रीय मीडिया सेमीनार का उदघाटन करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल रविवार 12 दिसम्बर को सरगुजा और रायगढ़ जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सवेरे 10.30 बजे राजधानी रायपुर में मान विमानतल स्थित एक निजी होटल में 'छत्तीसगढ़ के दस वर्ष विकास, चुनौतियां व संभावनाएं' विषय पर आयोजित राष्ट्रीय मीडिया सेमिनार का उद्धाटन करने बाद पूर्वान्ह 11.15 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 12.30 बजे अम्बिकापुर पहुंचेंगे, जहां वे दोपहर 12.45 बजे जिला चिकित्सालय के नव-निर्मित बाह्य रोगी कक्ष (ओ.पी.डी.) का लोकार्पण करेंगे और दोपहर 1.05 बजे दर्रीपारा में जीवन ज्योति अस्पताल के लोकार्पण और दोपहर 1.20 बजे नगर निगम अम्बिकापुर के मुख्य भवन व निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम के भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अम्बिकापुर से अपरान्ह 3 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर अपरान्ह 3.30 बजे रायगढ़ जिले के कौहाकुण्डा पहुंचेंगे और वहां नवनिर्मित 80 बिस्तरों के मेट्रो हॉस्पिटल का लोकार्पण और अवलोकन करेंगे। डॉ. सिंह अपरान्ह 3.55 बजे स्थानीय शासकीय किरोड़ीमल शासकीय कला और विज्ञान महाविद्यालय में हाईड्रोसिल एवं हार्निया के नि:शुल्क ऑपरेशन से लाभान्वित मरीजों को कंबल, चादर, मच्छरदानी आदि सामग्रियों का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री यहां आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में योगदान देने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और निजी सामाजिक स्वयं सेवी संस्थाओं का सम्मान भी करेंगे। डॉ. सिंह अपरान्ह 4.35 बजे शासकीय किरोड़ीमल कला एवं विज्ञान महाविद्यालय परिसर रायगढ़ से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर शाम 5.15 बजे रायपुर लौट आएंगे।

