'शांति और अहिंसा के संदेश वाहक थे गुरू घासीदास' मुख्यमंत्री ने जयंती पर दी शुभकामनाएं
रायपुर, 17 दिसम्बर 2010
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल 18 दिसम्बर को राज्य के महान समाज सुधारक और सतनाम पंथ के प्रवर्तक गुरू बाबा घासीदास की जयंती के अवसर पर जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। डॉ. रमन सिंह ने घासीदास जयंती की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि बाबा घासीदास सम्पूर्ण भारत के अनमोल रत्न थे, जिन्होंने अठारहवीं सदी में छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर जन्म लेकर कठिन तपस्या से अर्जित आध्यात्मिक ज्ञान के जरिए देश और दुनिया को मानवता का मार्ग दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा घासीदास सामाजिक समरसता, सच्चाई, सादगी, शांति और अहिंसा के संदेश वाहक थे। उनके प्रेरणादायक विचार आज भी प्रासंगिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा घासीदास के जीवन-दर्शन के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी समाज की सबसे अंतिम पंक्ति के लोगों और सबसे आखिरी गांव तक विकास की रौशनी पहुंचाने के लिए वचनबध्द है। अनुसूचित जातियों और जनजातियों सहित समाज के कमजोर वर्गों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गयी है, जिनके माध्यम से इन वर्गों के जीवन में सार्थक और सकारात्मक बदलाव आ रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सहित सम्पूर्ण राष्ट्र की तरक्की और खुशहाली के लिए गुरू बाबा घासीदास से आशीर्वाद की प्रार्थना की है।

