छात्राओं से छेड़खानी करने वाले समाज विरोधी तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने शिक्षक की हत्या की घटना को गंभीरता से लिया
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य पुलिस को स्कूल-कॉलेजों के आस-पास छात्राओं से छेड़खानी करने वाले समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। डॉ. सिंह ने कहा है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की घिनौनी हरकतों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राज्य के तहसील मुख्यालय बलौदाबाजार में कल एक स्कूल शिक्षक श्री माखन वर्मा की कुछ लोगों द्वारा पीट-पीट कर हत्या किए जाने की घटना की तीव्र निन्दा की है। उन्होंने इस घटना को गंभीरता से लिया है। डॉ. सिंह ने आज यहां कहा कि शिक्षक श्री वर्मा स्कूली बालिकाओं को छेड़खानी से बचाने का प्रयास करते हुए शिक्षकीय दायित्व के साथ एक जागरूक नागरिक के रूप में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का भी निर्वहन कर रहे थे। उनकी हत्या निश्चित रूप से निंदनीय और दुर्भाग्य जनक है। डॉ.रमन सिंह ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राज्य सरकार उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी और दिवंगत शिक्षक के शोक संतप्त परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस घटना का उल्लेख करते हुए राज्य पुलिस को स्कूल-कॉलेजाें के आस-पास छात्राओं को छेड़खानी और अशोभनीय हरकत करने वालाें से बचाने के लिए सभी सतर्कता मूलक कदम उठाने और ऐसी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

