देश की विकास गाथा में अगले दस साल छत्तीसगढ़ के होंगे - डॉ. रमन सिंह
छत्तीसगढ़ की ऊर्जा देश की प्रगति में इंजन का काम करेगी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने वायब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में औद्योगिक क्षेत्र की शीर्षस्थ हस्तियों के साथ निवेश पर चर्चा की
रायपुर 12 जनवरी 2011

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि देश की विकास गाथा में अगले दस साल छत्तीसगढ़ के होंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की ऊर्जा देश की प्रगति में इंजिन के रूप में कार्य करेगी । डॉ. रमन सिंह ने आज गुजरात प्रवास के दौरान गांधी नगर में देश-विदेश के उद्योगपतियों और पूंजी निवेशकों के सम्मेलन 'वायब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' में 'छत्तीसगढ़ में पूंजी निवेश के बेहतर अवसर' विषय पर इस आशय के विचार व्यक्त किए। गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, छत्तीसगढ़ के वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री दयालदास बघेल , छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री बद्रीधर दीवान और छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन भी इस अवसर पर उपस्थित थे । डॉ. रमन सिंह से सम्मेलन में देश-विदेश के अनेक प्रसिध्द उद्योगपतियों ने सौजन्य मुलाकात की।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश में सबसे तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2009-10 के दौरान इसका सकल घरेलू उत्पाद 11.49 प्रतिशत रहा, जो देश में सर्वाधिक है। यही नही बल्कि पिछले पांच वर्षो से राज्य का सकल घरेलू उत्पाद लगातार 10 प्रतिशत से ऊपर रहा। उन्होंने सम्मेलन में बताया कि छत्तीसगढ़ देश का एक मात्र ऐसा राज्य है जहा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चौबीसों घण्टे बिना किसी कटौती के बिजली की आपूर्ति की जा रही है। यह देश का इकलौता जीरो पावर कट राज्य है। डॉ. रमन सिंह ने बताया कि राज्य में औद्योगिक निवेश का बेहतर वातावरण है और औद्योगिक विवाद शून्य है। उन्होंने बताया कि राज्य में देश का 20 प्रतिशत लौह अयस्क, 17 प्रतिशत कोयला, 12 प्रतिशत डोलोमाइट, 100 प्रतिशत टिन और 12 प्रतिशत वन संपदा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का 16 प्रतिशत खनिज, 30 प्रतिशत एल्युमीनियम, 27 प्रतिशत इस्पात और 15 प्रतिशत सीमेन्ट उत्पादित करता है ।
सम्मेलन के प्रारंभ में छत्तीसगढ़ सरकार के ऊर्जा सचिव श्री अमन सिंह ने राज्य में औद्योगिक निवेश के बेहतर अवसरों पर एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। इसके पश्चात मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन ने नया रायपुर, कृषि, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की । सेमिनार के दौरान मुख्यमंत्री ने निवेशकों के प्रश्नों का जवाब भी दिया । मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और राज्य के अधिकारियों ने गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और उनके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी स्थल पर छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों और औद्योगिक संगठनों के मंडपों का अवलोकन भी किया।

