मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय वित्त मंत्री से की मुलाकात
छत्तीसगढ़ की विभिन्न मांगों पर विचार-विमर्श
नया रायपुर की योजनाओं और धान खरीदी के लिए 2 प्रतिशत
ब्याज दर पर ऋण स्वीकृत करने की मांग
रायपुर, 22 जनवरी 2011

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ0 रमन सिंह ने केन्द्र सरकार के आगामी मुख्य बजट में छत्तीसगढ़ के विकास से संबंधित प्रमुख प्रस्तावो को शामिल कराने के लिए केन्द्रीय वित्त मंत्री श्री प्रणब मुखर्जी से कल देर रात नई दिल्ली में मुलाकात की। बैठक में केन्द्रीय वित्त मंत्रालय की व्यय सचिव श्रीमती सुषमा नाथ और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री एन.बैजेन्द्र कुमार भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने केन्द्रीय वित्त मंत्री से नया रायपुर की जल प्रदाय योजनाओं में केन्द्र सरकार के वित्तीय हिस्से को शीघ्र प्रदाय करने की मांग की । उन्होंने बताया कि 156 करोड़ रूपये की इस योजना में
केन्द्र सरकार से 100 करोड़ रूपये की राशि प्राप्त होना है। इसी प्रकार उन्होंने 172 करोड़ रू0 लागत की नया रायपुर सीवरेज परियोजना की स्वीकृति के लिए भी मांग की। उन्होंने कहा कि नया रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है और इसे प्राथमिकता देने की जरूरत है। उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री का ध्यान छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया के दौरान लगने वाली राज्य सरकार की बड़ी राशि की ओर आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि यदि राज्य को खरीफ विपणन समर्थन मूल्य योजनांतर्गत राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम से 2 प्रतिशत ब्याज पर 1000 करोड़ रू0 का ऋण मिल जाये तो काफी सुविधा होगी। केन्द्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि नया रायपुर के लिए राशि देने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और योजना आयोग से इसके लिए सीलिंग बढ़ाने पर चाही गयी राशि जारी कर दी जायेगी। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में केन्द्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती के व्यय के रूप में केन्द्र द्वारा मांगी गयी 800 करोड़ रू0 की राशि माफ करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे छोटे राज्य के लिए यह काफी बड़ी राशि है। केन्द्रीय वित्त मंत्री ने इस पर सकारात्मक रूख दिखाते हुए केन्द्रीय गृह मंत्रालय से समन्वय कर राहत देने की बात कही।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय वित्त मंत्री को नया रायपुर परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राज्य में विद्युत परियोजनाओं की प्रगति और कृषि के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किये गये कार्यो का विवरण् भी दिया। श्री मुखर्जी ने मुख्यमंत्री के कार्य योजनाओं की प्रशंसा की और कहा कि छत्तीसगढ़ की सफल सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अन्य राज्यो द्वारा भी अपनाया जाना चाहिए। चर्चा के दौरान आवासीय आयुक्त श्रीमती ऋचा शर्मा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस0एस0 बजाज और मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे।

