घायलों और मरीजों के लिए वरदान होगी संजीवनी एक्सप्रेस- डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने किया नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा '108 संजीवनी एक्सप्रेस' का शुभारंभ
रायपुर और बस्तर जिले में आज से योजना शुरू
रायपुर, 25 जनवरी 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ की अब तक की सबसे महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा '108 संजीवनी एक्सप्रेस' का आज यहां शुभारंभ किया। इसके साथ ही रायपुर और बस्तर जिले में यह एम्बुलेंस सेवा शुरू हो गई है। योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने
कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में अब तक की यह सबसे महत्वपूर्ण योजना है और यह किसी भी आपात स्थिति में मरीजों और घायलों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू हो जाने छत्तीसगढ़ में शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर में अपेक्षित कमी लाने में मदद मिलेगी। इससे प्रदेश में संस्थागत प्रसव को भी बढ़ावा मिलेगा। योजना के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता रायपुर लोक सभा क्षेत्र के सासंद श्री रमेश बैस ने की। इस अवसर पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा रायपुर जिले के प्रभारी श्री पुन्नूलाल मोहले, लोकनिर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत, राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज और राज्य सहकारी विपणन संघ के अध्यक्ष श्री राधाकृष्ण् गुप्ता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचे, यह हमारी पहली प्राथमिकता है और इसी कड़ी में आज इस महत्वपूर्ण एम्बुलेंस सेवा की शुरूआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सड़कों के जाल बिछ जाने के कारण सड़क
दुर्घटनाओं में भी इजाफा हुआ है। समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण घायलों की मौत हो जाती है। ऐसी आपात स्थिति में यह एम्बुलेंस सेवा घायलों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा पहले चरण में रायपुर और बस्तर जिले में यह सेवा शुरू की जा रही है। दूसरे चरण में जून 2011 तक छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में इस सेवा को शुरू किया जाएगा। इसके पहले मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने रजबंधा मैदान स्थित दंत चिकित्सा महाविद्यालय के नवीन भवन में बने '108 संजीवनी एक्सप्रेस ' कॉल सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने पायलटों को एम्बुलेंस की चॉबी सौंपी और तकनीकी स्टॉफ को एम्बुलेंस के किट का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने एम्बुलेंस को हरी झण्डी दिखाकर गतंव्य के लिए रवाना किया।
रायपुर लोक सभा क्षेत्र के सासंद श्री रमेश बैस ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने एक अच्छी सोच के साथ इस योजना की शुरूआत की है। इससे आपात स्थिति में मरीजों की जान बचायी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यह योजना भी दूसरे राज्यों के लिए अनुकरणीय होगी। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि सभी एम्बुलेंस आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित हैं और इनके माध्यम से लाखों लोगों की जान बचायी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि टोल फ्री नम्बर 108 डायल करने पर ग्रामीण क्षेत्रों में आधा घंटे के भीतर और शहरी क्षेत्रों में 15 से 20 मिनिट के भीतर एम्बुलेंस पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के जून माह तक प्रदेश के सभी जिलों में इस सेवा को शुरू कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री विकासशील ने इस अवसर पर बताया कि पहले चरण में 36 एम्बुलेंस की सेवाएं ली जा रही है। इनमें रायपुर जिले में 25 और बस्तर जिले में 11 एम्बुलेंस की सेवाएं ली जाएंगी। इनमें एक-एक प्रशिक्षित तकनीशियन को तैनात रहेंगे। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह एम्बुलेंस सेवा बिल्कुल नि:शुल्क रहेगी। इसके लिए मरीजों को किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। जी.वी.के. इमरजेंसी मैनेजमेंट एंड रिसर्च इंस्टीटयूट के संचालक डॉ. कृष्णा राजू ने भी समारोह को सम्बोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और नागरिक गण उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में जी.वी.के. के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री पुरूषोत्तम वर्मा ने आभार व्यक्त किया।

