मुख्यमंत्री द्वारा 'प्लास्टिक थैली को ना कहो, जन-जागरुकता अभियान का शुभारंभ
रायपुर, 25 जनवरी 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर 'प्लास्टिक थैली को ना कहो और जीवन को हां' पर्यावरण संरक्षण जन-जागरुकता अभियान का शुभारंभ किया। सप्ताह व्यापी यह जन-जागरुकता अभियान छत्तीसगढ़ पर्यावरण मंडल और स्थानीय अंग्रेजी दैनिक समाचार पत्र 'सेंट्रल क्रॉनिकल' द्वारा विभिन्न समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अभियान के पोस्टर का विमोचन कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने इस रचनात्मक पहल के लिए अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग को रोकना हमारे लिए एक बड़ी चुनौती है। प्लास्टिक से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, जानवरों के लिए भी यह घातक सिध्द होता है। डॉ. सिंह ने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के संबंध में स्कूली बच्चों को जागरुक करने की जरुरत बतायी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी कि इस अभियान को व्यापक जन-समर्थन मिलेगा।
'सेंट्रल क्रॉनिकल' के यूनिट हेड श्री नीलेश लटपटे ने बताया कि इस अभियान के दौरान राजधानी के प्रमुख बाजारों में रोड शो आयोजित करके लोगों को कपड़े के थैले बांटे जाएंगे और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का आग्रह किया जाएगा। स्कूलों में भी बच्चों को प्लास्टिक के उपयोग से पर्यावरण को पहुंचने वाले नुकासान के बारे में जागरुक किया जाएगा। इस अवसर पर 'सेंट्रल क्रॉनिकल' रायपुर के संपादक श्री के.एन. किशोर सहित अभियान से जुड़ी संस्थाओं बढ़ते कदम, एन.एन.एन.एस., इलेक्ट्रानिक समाचार टी.व्ही. चैनल जी 24 घंटे, नवभारत और एफ.एम. रेडियो रंगीला के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

