मुख्यमंत्री ने दी अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं
बाल-विवाह से बचने की अपील
रायपुर, 05 मई 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आम जनता को अक्षय तृतीया की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. सिंह ने आज यहां जारी बधाई संदेश में कहा है कि हमारी कृषि प्रधान भारतीय संस्कृति में खेती-किसानी की शुरूआत और वैवाहिक कार्यक्रम जैसे मांगलिक कार्यो के शुभारंभ के लिए अक्षय तृतीया (अक्ती) का मुहूर्त बहुत अच्छा माना जाता है। डॉ. सिंह ने अक्ती के मौके पर पर सभी लोगों के लिए सुख-समृध्दि की कामना की है। उन्होंने बधाई संदेश में आम जनता से आग्रह किया है कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनकी षिक्षा-दीक्षा पर ध्यान दें और बाल-विवाह की सामाजिक बुराई से बचें। डॉ. सिंह ने कहा कि शिक्षा और साक्षरता के लगातार व्यापक प्रसार के फलस्वरूप हालांकि अब छत्तीसगढ़ में भी बाल-विवाह की घटनाएं काफी कम हो गयी हैं, लेकिन हमें इस बुराई के खिलाफ सचेत रहकर समाज में भी जन-चेतना बढ़ाने का प्रयास जारी रखना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जन-जीवन में भी इस पर्व का अत्यन्त महत्वपूर्ण स्थान है। विशेष रूप से हमारे यहां के किसान इस दिन आगामी खरीफ की खेती के लिए पूजा-अर्चना के साथ भूमि में बीज डालने की शुरूआत करते हैं। किसानों में इस पर्व के महत्व को देखते हुए राज्य सरकार ने उनके लिए अक्ती बीज संवर्धन योजना की शुरूआत की है। इसके अन्तर्गत उन्हें बीज उत्पादन के लिए शासकीय अनुदान दिया जा रहा है और इसमें प्रमाणित बीज वितरण पर भी अनुदान की व्यवस्था है। लघु और सीमान्त किसानों को बोनी के समय पुराने बीजों के बदले उन्नत किस्म के प्रमाणित बीज भी इस योजना में दिए जा रहे हैं। किसानों के लिए और भी अनेक योजनाएं राज्य शासन द्वारा संचालित की जा रही हैं।

