छत्तीसगढ़ के शहरों की विकास योजनाओं को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ के बीच बैठक
रायपुर 2 फरवरी 2011

छत्तीसगढ़ के नया रायपुर, रायपुर और अन्य शहरों की विकास योजनाओं को केन्द्र शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत राशि मिलने से इन शहरों की विकास योजनाओं को गति मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री कमलनाथ से मिलकर राज्य के शहरों की विभिन्न योजनाओं के संबंध में चर्चा की। बैठक में मुख्य सचिव श्री पी.जॉय उम्मेन और श्रम विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक ढांड भी उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री ने बैठक में नया रायपुर की जल प्रदाय योजना और सीवरेज योजना के लिए केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय से मिलने वाली राषि में हो रहे विलंब के संबंध में केन्द्रीय मंत्री श्री कमलनाथ का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय से योजना आयोग को राज्य की व्यय सीलिंग बढ़ाने का प्रस्ताव जाने पर वहां से सहमति प्राप्त हो जायेगी। उन्होंने इस संबंध में केन्द्रीय वित्त मंत्री और योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री मोंटेक सिंह अहलुवालिया से हुई चर्चा का जिक्र भी किया। श्री कमलनाथ ने इस संबंध में योजना आयोग को प्रस्ताव भेजे जाने के लिए अधिकारियों को निर्देषित किया। श्री कमलनाथ ने नया रायपुर के निर्माण के संबंध में मुख्यमंत्री से जानकारी भी ली और कहा कि इसकी योजनाओं को पूरा करने में केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय पूरा सहयोग देगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोंडागांव शहरों की योजनाओं के लिए लंबित राशि जारी करने का भी आग्रह किया। श्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे अगले 15 दिनों में छत्तीसगढ़ के शहरों की विकास योजनाओं के संबंध में एक विशेष बैठक बुला रहे हैं। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय के अधिकारी मिलकर अपूर्ण तथा नई योजनाओं के लिए राशि प्रदान करने के संबंध में चर्चा करेंगे। मुख्य सचिव इसमें नया रायपुर के संबंध में भी केन्द्रीय मंत्री को प्रस्तुतिकरण देंगे।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री का ध्यान 2 लाख से 10 लाख के बीच जनसंख्या के शहरों की समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि वर्तमान में ऐसी कोई योजना नहीं है जिससे इन शहरों की समस्याओं का सही ढंग से समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि राज्यों के विकास में इन शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, बढ़ते शहरी करण के साथ ही इन शहरों को नई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। श्री कमलनाथ ने इस पर सहमति जताते हुए इस संबंध में पहल करने की बात कही। इस अवसर पर आवासीय आयुक्त श्रीमती रिचा शर्मा और विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे।

