मुख्यमंत्री को चैतरई पर्व का न्यौता
रायपुर, 09 मार्च 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज यहां विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय कक्ष में वनमंत्री श्री विक्रम उसेंडी के नेतृत्व में गोंडवाना समाज समन्वय समिति बस्तर संभाग से आए आदिवासी समाज के प्रतिनिधि मण्डल ने मुलाकात की। प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को अगले माह की 13 तारीख को उत्तर बस्तर जिले के मुख्यालय कांकेर में आयोजित किए जा रहे आदिवासियों के प्रमुख त्यौहार 'चैतरई पर्व' में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को बताया कि दो दिवसीय इस महोत्सव के प्रथम दिन 12 अप्रैल को बड़ी संख्या में बस्तर संभाग के आदिवासी समाज के लोग जुटेंगे और देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के साथ जात्रा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मण्डल को आमंत्रण के लिए धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। प्रतिनिधि मण्डल में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेण्डी, विधायक सर्वश्री ब्रम्हानन्द नेताम, श्री सेवक राम नेताम और श्रीमती सुमित्रा मारकोले, आदिवासी समाज के बस्तर संभाग के अध्यक्ष श्री नारायण गोरा और सर्वश्री मोहन मण्डावी, कन्हैया नेताम, लक्ष्मण कावड़े, कुंदन मरकाम, गणेश कोड़ोपी, आशाराम, भोदूराम नेताम और शंकर सोरी तथा अनेक सदस्य शामिल थे।

