राज्य के विकास के लिए मेहनतकश किसानों की खुशहाली हमारी पहली जरूरत : डॉ. रमन सिंह
मुख्यमंत्री ने किया 15 करोड़ के निर्माण कार्यो का भूमि पूजन-लोकार्पण
किसान सम्मेलन में उन्नत कृषि यंत्र, धान बोनस के चेक वितरित
रायपुर, 08 मई 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान डौंडीलोहारा तहसील के ग्राम देवरी बंगला में क्षेत्र के विकास के लिए करीब 15 करोड़ रूपए के विभिन्न निर्माण कार्यो का भूमि पूजन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने अनेक किसानों को धान बोनस के चेक प्रदान किए। इस अवसर पर आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत किसानों को कृषि उपकरण, टे्रक्टर, पावर ट्रिलर, थ्रेशर, डीजल पम्प आदि का वितरण किया। सम्मेलन में किसान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का परम्परागत शैली में आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।
किसानों के विशाल सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, जिसके सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए सबसे पहले हमारे मेहनतकश किसानों के जीवन में तरक्की, खुशहाली और आत्म निर्भरता बहुत जरूरी है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। खेती के लिए सिर्फ तीन प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा के साथ-साथ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था की गयी है। उन्हें आकर्षक शासकीय अनुदान पर उन्नत कृषि उपकरण भी दिए जा रहे हैं। खरीफ और रबी फसलों की तरह डेयरी के लिए भी मात्र तीन प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा उन्हें दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ-साथ महिलाओं के विकास के लिए संचालित योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। डॉ. सिंह ने सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए शासन की ओर से की जा रही कोशिशों का भी उल्लेख किया। महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक बेहतरी से संबंधित योजनाओं पर भी उन्होंने अपने विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने दो हजार से कम जनसंख्या वाले लगभग 280 गांवों में इस वर्ष से शराब की दुकानें बंद करवा दी है। डॉ. सिंह ने लोगों से शराब और हर प्रकार के नशे की बुराई से बचने का आव्हान किया। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कृषि मंत्री श्री चन्द्रशेखर साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सम्मेलन में संसदीय सचिव श्री विजय बघेल, लोकसभा सांसद श्री सोहन पोटाई, विधायक श्रीमती नीलिमा टेकाम, श्रीमती कुमारी बाई साहू और वीरेन्द्र साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या सिंह भारद्वाज तथा क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में किसान उपस्थित थे। सांसद श्री सोहन पोटाई ने भी सम्मेलन का सम्बोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने किसान सम्मेलन के अवसर पर देवरी बंगला में लगभग 15 करोड़ रूपये लागत के जिन निर्माण कार्यो का भूमि पूजन और लोकार्पण किया, उनमें मुख्य रूप से लोकार्पित भवनों में 25.77 लाख रूपये लागत से देवरी बंगला में उप तहसील भवन और ग्राम कुमुरकट्टा, कुसुमकसा और बेलोदा में निर्मित हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन भी शामिल है। प्रत्येक स्कूल भवन पर 50 लाख 90 हजार रूपए की लागत आयी है। मुख्यमंत्री ने किसान सम्मेलन में ग्राम जाटादाह के लिए 10.50 लाख रूपये की लागत से निर्मित लायब्रेरी एवं बीज भवन तथा ग्राम कमकापार के लिए 39.55 लाख रूपये लागत से निर्मित छात्रावास भवन का भी लोकार्पण किया।
उन्होंने केवट नयागांव के लिए 22.81 लाख रूपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन, ग्राम बम्हनी के लिए 55.12 लाख रूपये लागत से बनने वाले हाई स्कूल भवन, ग्राम कामता के लिए 58.12 लाख रूपये की लागत से बनने वाले नवीन हाईस्कूल भवन, ग्राम कर्रे गांव के लिए भी 58.12 रूपये लागत से बनने वाले हाईस्कूल भवन का भूमि पूजन किया। डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर डौण्डी के लिए 33.31 लाख रूपये की लागत से बनने वाले बहुउद्देशीय कृषक केन्द्र भवन निर्माण, ग्राम चिपरा के लिए 22.81 लाख रूपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन, डौण्डी के लिए 39.70 लाख रूपये की लागत से बनने वाले थाना भवन, ग्राम पिनकापार के लिए 45.33 लाख रूपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन और ग्राम देवरी एवं जेवतला के लिए क्रमश: 8-8 लाख रूपये की लागत से बनने वाले कृषक सूचना एवं सलाह केन्द्र भवन सहित गुण्डरदेही क्षेत्र के लिए 9 करोड़ रूपये की लागत से किए जाने वाले नहर नाली जीर्णोध्दार कार्य का भी भूमिपूजन किया।
सम्मेलन के प्रारंभ में क्षेत्रीय विधायक श्री विरेन्द्र साहू ने अपने स्वागत भाषण में क्षेत्र की जनता की मांगों से मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया। किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिह सहित अन्य अतिथियों का स्वागत स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पारम्परिक ढंग से खुमरी पहनाकर व हल भेंट कर किया गया।

