सांसद श्री बलीराम कश्यप के निधन पर छत्तीसगढ़ में दो दिन का राजकीय शोक
रायपुर 10 मार्च 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बस्तर क्षेत्र के लोकसभा सांसद श्री बलीराम कश्यप के आकस्मिक निधन पर उनके सम्मान में राज्य में आज दस मार्च से दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप सामान्य प्रशासन विभाग ने यहां मंत्रालय से प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और राज्य शासन के सभी विभागों को इस आशय का परिपत्र जारी कर दिया है। परिपत्र में कहा गया है कि राजकीय शोक दस मार्च और ग्यारह मार्च को मनाया जाएगा। इस दौरान सरकारी भवनों और जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां ध्वज आधा झुका रहेगा और शासकीय स्तर पर मनोरंजन का कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। ज्ञातव्य है कि सांसद श्री कश्यप का आज तड़के राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

