मुख्यमंत्री द्वारा 'लैब टू लैण्ड' का विमोचन
रायपुर, 25 मार्च 2011

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल यहां अपने निवास पर अन्तर्राष्ट्रीय शोध पत्रिका 'लैब टू लैण्ड' के आठवें अंक का विमोचन किया। छत्तीसगढ़ मेडिको इन्फॉरमेटिक्स सोसायटी रायपुर द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका के इस अंक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में कला, विज्ञान, वाणिज्य, गृह विज्ञान, कृषि और अभियांत्रिकी आदि क्षेत्रों में हो रहे शोध कार्यों को प्रकाशित किया गया है। मुख्यमंत्री ने पत्रिका के विमोचन के अवसर पर इससे जुड़े सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सोसायटी द्वारा किया जा रहा यह प्रयास छत्तीसगढ़ के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। इस अवसर पर शोध पत्रिका के प्रधान सम्पादक श्री दिलीप श्रीवास्तव, सम्पादक श्री ए.के.खरे, सह सम्पादक सुश्री कविता शर्मा, मैनेजिंग एडिटर श्री नर्मदा प्रसाद मिश्र 'नरम', छत्तीसगढ़ मेडिको इन्फॉरमेटिक्स सोसायटी रायपुर की सलाहकार डॉ. अरूणा पलटा, डॉ. अशोक दुबे और डॉ. अर्चना खरे उपस्थित थीं। श्री दीपक श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को सोसायटी के कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भविष्य में उनकी संस्था द्वारा रायपुर में शोधार्थियों का अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में इस शोध पत्रिका में छत्तीसगढ़ी भाषा में भी शोध पत्र प्रकाशित किए जाएंगे।
क्र्रमांक-6689/सोलंकी

