मुख्यमंत्री ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री गुरूपद स्वामी के निधन पर शोक व्यक्त किया
रायपुर, 10 मई 2011
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री एम.एस. गुरूपद स्वामी के आज बेंगलुरू में हुए आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। डॉ. रमन सिंह ने यहां जारी शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय श्री गुरूपद स्वामी उन वरिष्ठ नेताओं में से थे, जिन्होंने वर्ष 1952 से 1957 तक प्रथम लोकसभा के सदस्य के रूप में देश के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया। बाद के वर्षो में श्री गुरूपद स्वामी ने लम्बे समय तक राज्य सभा के सदस्य और केन्द्र सरकार के विभिन्न विभागों में मंत्री के रूप में जनसेवा करते हुए अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता का भी परिचय दिया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि स्वर्गीय श्री गुरूपद स्वामी के निधन से देश ने एक अनुभवी और विद्वान जनप्रतिनिधि को हमेशा के लिए खो दिया है। डॉ. सिंह ने उनके शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

