मुख्यमंत्री आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग में करेंगे समीक्षा
ग्राम सुराज, मनरेगा और पेयजल व्यवस्था के बारे में लेंगे जानकारी
रायपुर 05 अप्रैल 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल छह अप्रैल को यहां मंत्रालय स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के जिला कलेक्टरों से सम्पर्क कर आगामी ग्राम सुराज अभियान, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) और गर्मियों में की जा रही सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री की यह वीडियो कान्फ्रेंसिंग सवेरे ग्यारह बजे शुरू होगी। उल्लेखनीय है कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश-व्यापी ग्राम सुराज अभियान दो चरणों में इस महीने की 19 तारीख से 23 तारीख तक और 25 तारीख से 29 तारीख तक चलेगा। मुख्यमंत्री वीडियो कान्फ्रेंसिंग में जिलों में इस अभियान के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा करेंगे और कलेक्टरों को जरूरी दिशा-निर्देश देंगे। डॉ. सिंह इस अवसर पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत चल रहे रोजगारमूलक कार्यो और उनमें मजदूरी भुगतान की स्थिति की भी जानकारी लेंगे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री गर्मी के मौसम में सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था के लिए जिलों में की जा रही तैयारियों का भी जायजा लेंगे।

