साढ़े चार लाख गरीब परिवारों को आज से मिलेगा सस्ता और पौष्टिक चना : श्री नितिन गडकरी करेंगे शुभारंभ
रायपुर, 28 मई 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की घोषणा के अनुरूप बस्तर संभाग के सभी पांच जिलों के गरीबी रेखा श्रेणी के लगभग साढ़े चार लाख परिवारों को राशन कार्ड पर सबसे सस्ता लेकिन सबसे पौष्टिक देशी चना कल 29 मई से मिलने लगेगा। प्रत्येक परिवार को हर महीने सिर्फ पांच रूपए प्रति किलो की दर से एक किलो चना आकर्षक पैकेट में दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि यह देशी चना बस्तर के गरीबों में कुपोषण कम करने में सहायक होगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में जगदलपुर के हाता मैदान में दोपहर 12.10 बजे आयोजित समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन गडकरी इस योजना का शुभारंभ करेंगे। समारोह में प्रदेश सरकार के खाद्य मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले, आदिमजाति विकास मंत्री श्री केदार कश्यप, वन मंत्री श्री विक्रम उसेंडी और महिला और बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेंडी, संसदीय सचिव द्वय डॉ. सियाराम साहू और श्री महेश गागड़ा, बस्तर एवं दक्षिण क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री बैदू राम कश्यप, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, लोक सभा सांसद बस्तर श्री दिनेश कश्यप और लोक सभा सांसद कांकेर श्री सोहन पोटाई सहित बस्तर संभाग के सभी विधायक और सभी जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। समारोह में शामिल होने के लिए श्री नितिन गडकरी कल 29 मई को नागपुर से सवेरे 10.30 बजे विशेष विमान द्वारा रवाना होकर 11.30 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। श्री गडकरी समारोह के बाद दोपहर दो बजे विशेष विमान द्वारा नागपुर लौट जाएंगे।
क्रमांक-969/स्वराज्य

