अभिषेक को मिला श्री आडवाणी सहित अनेक विशिष्टजनों का आशीर्वाद : प्रीतिभोज
रायपुर, 25 जून 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के सुपुत्र श्री अभिषेक सिंह के विवाह समारोह के अंतर्गत आज रात यहां विज्ञान महाविद्यालय के मैदान में प्रीति भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व उप प्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी सहित गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री श्री बी.एस. यदुरप्पा, पंजाब के मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल, बिहार के उप मुख्यमंत्री श्री सुशील कुमार मोदी, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री श्री गोपीनाथ मुण्डे, और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन गडकरी सहित वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सर्वश्री विद्याचरण शुक्ल, राजनाथ सिंह, रविशंकर प्रसाद, अनन्त कुमार और सुप्रसिध्द संत श्री आशाराम बापू तथा छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों, बड़ी संख्या में सांसदों, विधायकों, राज्य के विभिन्न जिलों से आए जनप्रतिनिधियों , और आम नागरिकों ने वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान कर उनके खुशहाल जीवन की कामना की। समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री शेखर दत्त, आंध्र के राज्यपाल श्री ई.एस.एल. नरसिम्हन और छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल श्री के.एम. सेठ भी शामिल हुए। देश के अनेक संगठनों के प्रमुख नेताओं ने भी समारोह में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान किया।

