उपभोक्ता जागरण पुरस्कार योजना-2010 : भाग्यशाली विजेता श्री परम कुमार कुर्रे को मिले तीन पुरस्कार
रायपुर, 07 अप्रैल 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा उपभोक्ता जागरण पुरस्कार योजना-2010 के विजेता प्रतिभागियों का फैसला कल रात यहां लॉटरी के माध्यम से ड्रा निकालकर किया गया। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा प्रदेश के आम उपभोक्ताओं में खरीदी गई वस्तुओं का पक्का बिल लेने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के उददेश्य से यह योजना 11 अक्टूबर से 31 दिसम्बर 2010 तक लागू की गयी थी। उपभोक्ता जागरण पुरस्कार योजना में जूना बिलासपुर के श्री परम कुमार कुर्रे सबसे भाग्यशाली विजेता रहे, जिन्हें इस योजना के तहत एक साथ तीन पुरस्कार -द्वितीय, नवम और दसवां पुरस्कार प्राप्त हुआ।
श्री कुर्रे पामगढ़ राहोद के निवासी हैं और फिलहाल बिलासपुर में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने माइक्रो बायोलॉजी में एम.एस.सी. तक शिक्षा ग्रहण की है। विभागीय अधिकारियों ने जब उन्हें दूरभाष पर पुरस्कार की सूचना दी तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि जीवन में शासकीय योजनाओं में आम नागरिकों की अहम भागीदारी से स्वयं को कितना लाभ मिल सकता है। श्री कुर्रे ने शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी लेने का आह्वान राज्य के नागरिकों से किया। श्री कुर्रे ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी उपभोक्ता जागरण पुरस्कार योजना में भाग लिया था। इस वर्ष की पुरस्कार योजना में वे भाग्यशाली रहे और एक साथ तीन पुरस्कार प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि इस योजना को भविष्य में भी जारी रखना चाहिए जिससे राजकोष में और अधिक इजाफा होगा।

