अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की मुहिम से कौचियों में हड़कंप
श्री देवजी भाई पटेल और आबकारी आयुक्त श्री मिश्रा जनप्रतिनिधियों से रूबरू हुए
अवैध शराब बेचने पर कोचिया के साथ संबंधित ठेकेदार के विरूध्द भी होगी कार्रवाई
रायपुर 24 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ की नयी आबकारी नीति के तहत प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थलों पर शराब के सेवन की प्रवृति पर रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल के निर्देश पर आबकारी, पुलिस और राजस्व विभाग द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के फलस्वरूप गांवों में अवैध शराब के बिक्री पर प्रभावी ढंग से रोक लगी है। इस अभियान में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी पूरा सहयोग कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ ब्रेवरेज कारपोरेशन के अध्यक्ष श्री देवजी भाई पटेल और आबकारी आयुक्त श्री गणेश शंकर मिश्रा ने कल ग्राम चरौदा, सिमगा, बेमेतरा और कवर्धा में पंचायत प्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से रूबरू होकर गांवों में अवैध शराब के विक्रय के संबंध में जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले पन्द्रह-बीस दिनों में उनके क्षेत्र में अवैध शराब के विक्रय में 70 से 80 प्रतिशत की कमी आयी है और गांवों में खुले आम शराब की बिक्री अब नहीं हो रही है।
ब्रेवरेज कारपोरेशन के अध्यक्ष श्री देवजी भाई पटेल ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पहल पर छत्तीसगढ़ में शराब बंदी की दिशा में चरणबध्द ढंग से कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष 239 शराब दुकानों को बंद किया गया है। इसके साथ ही अवैध शराब की बिक्री, ढॉबा और सार्वजनिक स्थलों पर शराब के सेवन पर कड़ाई से रोक लगाई जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब पर रोक के लिए सामाजिक और वैचारिक क्रांति की जरूरत है। इस कार्य में जनप्रतिनिधियों का सहयोग जरूरी है। सिमगा के सामुदायिक भवन में सिमगा और भाटापारा विकासखंड के लगभग 45 ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनपद पंचायत के सदस्य और जिला पंचायत के सदस्य उपस्थित थे। आबकारी आयुक्त श्री मिश्रा ने इन सभी जनप्रतिनिधियों से उनके गांव और क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और कोचियों के बारे में जानकारी ली। नगर पंचायत सिमगा के पार्षद श्री मनीष सोनी, प्रमोद कोसले और श्री राजेन्द्र साहू ने बताया कि सिमगा के आसपास के ढॉबों में शराब परोसना बंद हो गया है। शहर के सभी चखना केन्द्र भी बंद हो गए हैं। सिमगा क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य श्री सुनील माहेश्वरी ने आबकारी विभाग के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि नयी आबकारी नीति लागू होने के बाद उनके क्षेत्र में काफी सुधार आया है। अभी कोचियों पर जो दबाव बनाया गया है,उसे आगे भी जारी रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी सिमगा विकासखंड के ग्राम चकरवाह और गणेशपुर में ही अवैध शराब बिक्री की शिकायत है। इस पर आबकारी आयुक्त ने अनुविभागीय दंडाधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अनुविभागीय अधिकारी ने चौबीस घंटे के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। आबकारी आयुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि अवैध शराब बेचते पाए जाने पर कोचिये के साथ ही संबंधित ठेकेदार के विरूध्द भी कार्रवाई की जाएगी।
बेमेतरा के आबकारी उप निरीक्षक हटाये गए
ब्रेवरेज कारपोरेशन के अध्यक्ष और आबकारी आयुक्त श्री मिश्रा ने बेमेतरा में वहां के नगरपालिका अध्यक्ष श्री आशीष छाबड़ा सहित पार्षद, जनपद सदस्य सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा की। बेमेतरा के पुराना बस स्टैण्ड स्थित शराब की दुकान के सामने चखना दुकान संचालित होने की शिकायत पर आबकारी आयुक्त श्री मिश्रा ने बेमेतरा सर्कल के आबकारी उपनिरीक्षक श्री आर. के.सिन्हा को तत्काल सर्कल से हटाकर उनकी पदस्थापना बेयर हाऊस में कर दी। धमधा सर्कल के उप निरीक्षक श्री मुकेश अग्रवाल को बेमेतरा सर्कल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आबकारी आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान आबकारी और पुलिस के अधिकारियों को भेजकर पुराना बस स्टैण्ड के चखना दुकानों को हटवा दिया। श्री मिश्रा द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की जनप्रतिनिधियों ने सराहना की। बाद में मिश्रा ने स्वंय स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि वहां फिर से चखना की दुकान ना खुले। बेमेतरा जनपद पंचायत के घनसरा क्षेत्र की सदस्य सुश्री निवेदिता जोशी ने बताया कि आबकारी विभाग के सहयोग से उनके क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री बंद हो गई है। ग्राम लोलेसरा के उप सरपंच श्री किरण वर्मा सहित श्री सौरभ निर्वाणी और रोशन दत्त ने भी अपने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री बंद होने की जानकारी दी।
कबीरधाम जिले में गांवों में भी आया सुधार
कवर्धा के सर्किट हाऊस में चर्चा के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कबीरधाम श्रीमती सीमा अनंत ने बताया कि एक महीने में गांवों में स्थिति में काफी सुधार आया है और अभी गांव में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अवैध शराब की रोकथाम के लिए मिलजुल कर प्रयास करेंगी। पंडरिया जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष श्री प्रज्ञेश तिवारी ने बताया कि आबकारी अधिनियम के नये प्रावधानों को कड़ाई से अमल मे लाने से शराब कोचिये हतोत्साहित हुए हैं। पुलिस, प्रशासन एवं आबकारी विभाग की कार्रवाई से पंडरिया क्षेत्र के अमलडीहा, घोटरकुण्डी, बाघामुड़ा, कांपादाह और सांवतपुर में कोचियों द्वारा शराब बिक्री पर 99 फीसदी रोक लग गई है। उन्होने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा कोचियों पर सालभर लगातार कार्रवाई होने से कोचियों द्वारा शराब की अवैध बिक्री पूरी तरह समाप्त हो जायेगी। ग्राम मिरमिटी में अवैध झोपड़ी बनाकर शराब बेचने की शिकायत पर आबकारी आयुक्त ने अनुविभागीय दंडाधिकारी को अवैध झोपड़ी को तोड़ने तथा आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। श्री मिश्रा ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान नयी आबकारी नीति के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि जनप्रतिनिधियों से सहयोग से अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने में हम सफल होंगे।
पिता ने लगाई बेटे के शराब की लत छुड़वाने की गुहार
सिमगा के सामुदायिक भवन में जनप्रतिनिधियों चर्चा के बाद आबकारी आयुक्त श्री मिश्रा जब बाहर आए तो ग्राम रोहरा के श्री अनिल त्रिवेदी रोने लगे। श्री मिश्रा के पूछने पर उन्होंने बताया कि उनका तेरह वर्षीय बेटा शराब पीने लगा है। श्री मिश्रा ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि वे अपने बेटे को प्यार से समझाए और उन स्रोतों को बंद करें, जहां से उसे शराब मिलती है। उन्होंने कहा कि गांव में अवैध शराब की बिक्री होने पर आबकारी विभाग अथवा पुलिस को शिकायत करे।
आबकारी आयुक्त ने ढॉबों का निरीक्षण किया
आबकारी आयुक्त श्री मिश्रा ने रायपुर से सिमगा और सिमगा से कवर्धा मार्ग पर पड़ने वाले सभी ढाबों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं भी शराबी नहीं मिले। श्री मिश्रा ने ढॉबा संचालकों को आबकारी नीति के नये प्रावधानों की जानकारी दी और कहा कि ढॉबों में शराब पिलाने की शिकायत मिलने पर ढाबा संचालकों के विरूध्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आबकारी आयुक्त ने ढाबों में शराब पीने पर होने वाले दंडात्मक कार्रवाई की सूचना भी ढाबों में चस्पा कराया।

