सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीते 45 व्यक्तियों को जेल भेजा गया
रायपुर 03 अप्रैल 2011
आबकारी विभाग द्वारा नई आबकारी नीति के तहत सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों के विरूध्द कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आबकारी और राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने पिछले दो दिनों में रायपुर शहर में विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीते पाए जाने पर 45 लोगाें के विरूध्द प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर मदिरापान ना हो, इस पर सत्त निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही चखना होटलों, ढाबा तथा अन्य स्थानों पर भी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि नई आबकारी नीति का कड़ाई से पालन कराने के लिए सभी जिलों में कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने, निर्धारित समय से पहले अथवा देर तक शराब दुकान खुले रहने और अवैध शराब बिक्री की सूचना दे सकता है। सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

