वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा 274 व्यवसायियों का पंजीयन निरस्त
रायपुर, 20 दिसम्बर 2010
राज्य शासन के वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा रायपुर के वाणिज्यिक कर वृत छह में 274 व्यवसायियों का पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। इन व्यवसायियों द्वारा वाणिज्यिक कर से पंजीयन प्रमाण पत्र लेने के बाद व्यवसाय नहीं किया जा रहा था। जो व्यवसाय शुरू हो गए थे, उनके द्वारा रिटर्न दाखिल नहीं किया जा रहा था। वाणिज्यिक कर वृत छह के वाणिज्यिक कर अधिकारी द्वारा ऐसे व्यवसायियों का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने बोगस पंजीयन और रिटर्न दाखिल नहीं करने वाले व्यवसायियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, जिसके फलस्वरूप राज्य में पन्द्रह हजार से अधिक पंजीयन निरस्त किये जा चुके हैं।

