छत्तीसगढ़ उपभोक्ता जागरूकता पुरस्कार का ड्रॉ 6 अप्रैल को
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति में पचास लाख रूपए के पुरस्कारों की होगी घोषणा
पहला पुरस्कार पांच लाख रूपए का होगा
रायपुर, 04 अप्रैल 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति में छह अप्रैल को छत्तीसगढ़ उपभोक्ता जागरण पुरस्कार योजना 2010 के भाग्यशाली विजेताओं की घोषणा की जाएगी। वी.आई.पी. रोड स्थित होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में छह अप्रैल की शाम 5 बजे कम्प्यूटर के माध्यम से विजेताओं का ड्रॉ निकाला जाएगा। वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। संसदीय सचिव श्री सिध्दनाथ पैकरा भी इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा इस योजना को पहले की तुलना में ज्यादा आकर्षक बनाया गया है और ना केवल पुरस्कार की राशि बढ़ाई गई है बल्कि इसमें व्यवसायियों को भी शामिल किया गया है। पुरस्कार में नगद अथवा पुरस्कार मूल्य का सामान लेने का विकल्प उपभोक्ताओं के सामने रखा गया है। यही कारण है कि पहले की तुलना में इस बार तीन गुना अधिक बिल प्राप्त हुए हैं। योजना के तहत कुल एक लाख 91 हजार 730 बिल ड्रॉप बाक्स में डाले गए थे, जिनमें से एक लाख 67 हजार 122 बिल वैध पाए गए हैं। ड्रॉ वैध बिलों में से ही निकाला जाएगा। यह योजना 11 अक्टूबर 2010 से 31 दिसम्बर 2010 तक के लिए थी।
वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने आज यहां बताया कि योजना में कुल पचास लाख रूपए के पुरस्कार रखे गये हैं और पहला पुरस्कार पांच लाख रूपए का है। उपभोक्ता नगद अथवा सामान के रूप में अपना पुरस्कार ले सकते हैं। इसके अलावा ढाई-ढाई लाख रूपए के तीन द्वितीय पुरस्कार और एक-एक लाख रूपए पांच तृतीय पुरस्कार रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि पचास लाख रूपए के कुल 201 एक पुरस्कार हैं। दसवां और ग्यारहवां पुरस्कार कुल 102 लोगों को दिए जाएंगे। इसी तरह व्यवसाईयों को एक लाख रूपए का पहला पुरस्कार, बीस-बीस हजार रूपए के तीन द्वितीय पुरस्कार और पांच-पांच हजार रूपए के पांच तृतीय पुरस्कार रखे गए हैं।
पुरस्कार की राशि
प्रथम पुरस्कार संख्या एक पुरस्कार राशि पांच लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार-संख्या तीन- ढाई-ढाई लाख रूपए, तृतीय पुरस्कार संख्या-पांच एक-एक लाख रूपए, चतुर्थ पुरस्कार-संख्या दस-50-50 हजार रूपए, पांचवा पुरस्कार संख्या दस-40-40 हजार रूपए, छठवा पुरस्कार संख्या दस-30-30 हजार रूपए, सातवां पुरस्कार संख्या बीस-20-20 हजार रूपए, आठवां पुरस्कार संख्या बीस-20-20 हजार रूपए, नवमा पुरस्कार संख्या बीस-15-15 हजार रूपए, दसवां पुरस्कार इन्क्यावन-8-8 हजार रूपए और ग्यारहवां पुरस्कार इन्क्यावन-सात-सात हजार रूपए।

