बजट की तैयारियों के संबंध में वाणिज्यिक कर मंत्री ने औद्योगिक और व्यापारिक संगठनों से किया विचार-विमर्श
वार्षिक बजट 2011-12
रायपुर 15 फरवरी 2011
वाणिज्यिक कर मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने आज यहां वाणिज्यिक कर भवन में आयोजित एक बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2011-12 हेतु राज्य सरकार के वार्षिक बजट की तैयारियों के सिलसिले में विभिन्न
औद्योगिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष हेतु टैक्स की दरों के निर्धारण और टैक्स में छूट के के संबंध में इन संगठनों से सुझाव आमंत्रित किए। बैठक में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री श्रीचंद सुन्दरानी के नेतृत्व में विभिन्न औद्योगिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इन संगठनों के पदाधिकारियों ने व्यवसाय से संबंधित समस्याएं गिनाते हुए करों में छूट देने की मांग की। श्री अग्रवाल ने इन मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक में शामिल औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों ने कर समाधान योजना के तहत प्रदेश में कर वसूली के लम्बित प्रकरणों के निराकरण के लिए राज्य सरकार और वाणिज्यिक कर विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कर राजस्व वसूली में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने के लिए भी विभाग को बधाई दी। विभिन्न संगठनों ने करों में राहत के संबंध में श्री अग्रवाल को ज्ञापन भी सौंपे। बैठक में स्पंज आयरन उत्पादक संघ, रोलिंग मिल संघ, रेडिमेड गारमेंट विक्रेता संघ, मोटर पार्टस व्यवसायी संघ, प्लास्टिक निर्माता संघ, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, भारतीय उद्योग महासंघ आदि के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर वित्त विभाग के प्रमुख सचिव श्री अजय सिंह और आयुक्त वाणिज्यिक कर श्री गणेश शंकर मिश्रा सहित वाणिज्यिक कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

