नोवा आयरन एंड स्टील लिमिटेड की कुर्क संपत्ति आगामी आदेश तक शिथिल
रायपुर 11 मई 2011
राज्य सरकार के वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा बिलासपुर की मे. नोवा आयरन एंड स्टील लिमिटेड की दगोरी फैक्ट्री स्थित कुर्क की गयी अचल संपत्ति को आगामी आदेश तक शिथिल कर दिया गया है।
वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि प्रवेशकर की बकाया राशि 71 लाख 51 हजार 566 रूपए जमा नही करने के कारण बिलासपुर की मे. नोवा आयरन एंड स्टील लिमिटेड की दगोरी फैक्ट्री स्थित अचल संपत्ति को पिछले माह की 29 तारीख को कुर्क कर दिया गया था। जिस पर उक्त व्यवसायी द्वारा बकाया राशि किश्त के रूप में देने के लिए इन्डेमिनिटी बांड के रूप में अंडर टेकिंग प्रस्तुत किया गया है। जिसके तहत कंपनी के प्रबंधन में किसी भी प्रकार के परिवर्तन होने पर बकाया राशि की किश्त का भुगतान नियमानुसार किया जाएगा। उपरोक्त बांड के आधार पर मे. नोवा आयरन एंड स्टील लिमिटेड कंपनी को छह लाख रूपए की किश्त प्रत्येक माह की 15 तारीख तक जमा करने की सुविधा प्रदान करते हुए कुर्क की गयी संपत्ति को आगामी आदेश तक शिथिल किया गया है।

