तीन निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए आशय-पत्र जारी
रायपुर, 07 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग की अनुशंसा पर राज्य शासन द्वारा प्रदेश में तीन निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए आशय-पत्र जारी कर दिए गए है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विनियामक आयोग द्वारा निर्धारित शर्तों पर पिछले माह की 31 तारीख को यहां मंत्रालय से जारी आशय पत्र के अनुसार मोदी इनोव्हेटिव एजुकेशन सोसायटी-9, फरिश्ता काम्पलेक्स जी.ई. रोड रायपुर द्वारा ग्राम महमरा, पोस्ट ऑफिस रसमड़ा जिला दुर्ग में एम.ए.आई. यूनिवर्सिटी, रितनंद बलदेव इंटरनेशनल एजुकेशन फाउन्डेशन ई-27, डिफेन्स कॉलोनी नई दिल्ली द्वारा ग्राम माठ, तहसील तिल्दा, जिला रायपुर में एमिटी यूनिवर्सिटी और जिन्दल एजुकेशन एण्ड वेलफेयर सोसायटी पोस्ट बाक्स नम्बर 16, खरसिया रोड, रायगढ़ द्वारा ओ.पी. जिंदल नालेज पार्क, ग्राम पुंजीपथरा, तहसील घरघोड़ा, जिला रायगढ़ में ओ.पी. जिन्दल यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए तीन अलग-अलग आशय-पत्र जारी किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग की शर्तों के अनुसार निजी विश्वविद्यालय के प्रायोजक निकाय अपने हस्ताक्षर से विनियामक आयोग को लिखित में परिवचन देंगे कि वह अधिनियम की धारा सात की उपधारा चार में उल्लेखित परिवचनों को पूर्ण करने के लिए तत्पर हैं तथा उनका पालन करेंगे। प्रायोजक विनियामक आयोग के पास प्रमाण प्रस्तुत करेंगे कि उन्होंने अधिनियम की धारा ग्यारह के प्रावधानों के अनुसार विन्यास निधि की स्थापना कर ली है तथा अधिनियम की धारा सात की उपधारा दो के प्रावधानों के अनुसार उसके पास भूमि का स्वामित्व है। प्रायोजक निकाय इस बात का परिवचन देंगे कि कम से कम पच्चीस हजार वर्गफीट का निर्मित क्षेत्र भवनों तथा अन्य सहायक निर्माण कार्यों के रूप में उपलब्ध होने पर तथा इसकी पुष्टि विनियामक आयोग द्वारा करने के पश्चात ही वह विश्वविद्यालय में अकादमिक कार्य प्रारंभ करेंगे। प्रायोजक निकाय इस बात का भी परिवचन देंगे कि वह छत्तीसगढ़ राज्य में ही दूर परिसर केन्द्र या अध्ययन केन्द्र बिना विनियामक आयोग की पूर्व अनुमति के स्थापित नहीं करेंगे। प्रत्येक प्रायोजक निकाय अनुपालन प्रतिवेदन, परिवचन तथा अन्य आवश्यक अभिलेख विनियामक आयोग को प्रस्तुत करेंगे।

