नक्सल प्रभावित चार जिलों सहित छह और जिले में साक्षर भारत कार्यक्रम को मंजूरी
स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की पहल पर केन्द्र सरकार ने तत्काल दी स्वीकृति
रायपुर, 11 जून 2010
केन्द्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के छह और जिलों में साक्षर भारत कार्यक्रम संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की गयी है। इनमें चार नक्सल प्रभावित जिले दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, नारायण्ापुर सहित बिलासपुर और रायगढ़ जिले शामिल हैं। इन जिलों को मिला कर अब छत्तीसगढ़ के अट्ठारह में से चौदह जिलों में साक्षर भारत कार्यक्रम की स्वीकृति मिल चुकी है। प्रथम चरण में आठ जिलों रायपुर, महासमुंद, कबीरधाम (कवर्धा), सरगुजा, जशपुर, कोरिया, कोरबा तथा जांजगीर-चांपा को शामिल किया गया था। उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कल गुरूवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री श्री कपिल सिब्बल के साथ आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ के शेष बचे 10 और जिलों को साक्षर भारत कार्यक्रम में शामिल करने की मांग की थी। श्री अग्रवाल के आग्रह पर मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने तत्काल छह जिलों में साक्षर भारत कार्यक्रम की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
श्री अग्रवाल ने केन्द्रीय मंत्री के साथ हुई बैठक में प्रथम चरण में शामिल किए गए राज्य के आठ जिलों में साक्षर भारत कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए देश में सबसे कम साक्षरता दर वाले नक्सल प्रभावित बस्तर अंचल के जिलों को भी कार्यक्रम शामिल करने का आग्रह किया था। ज्ञातव्य है कि स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में 21 मई 2010 को यहां आयोजित राज्य साक्षरता मिषन प्राधिकरण् की कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन व मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निदेषक श्री आई. पी. एस. बक्षी की उपस्थिति में दंतेवाड़ा (बीजापुर), बस्तर (नारायणपुर), बिलासपुर और रायगढ़ जिले में इसी वर्ष साक्षर भारत कार्यक्रम प्रारंभ करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। केन्द्र सरकार ने इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में आठ उन जिलों को प्राथमिकता दी थी जहां सतत् शिक्षा कार्यक्रम संचालित था। इन जिलों के 70 विकासखंड व 4763 ग्राम पंचायतों में पूर्ण कालिक समन्वयकों व प्रेरकों के चिन्हांकन का कार्य जन पहल ग्राम सूक्ष्म नियोजन प्रक्रिया से प्रारंभ कर दिया गया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने साक्षर भारत कार्यक्रम में शामिल किए गए छह जिलों में भी कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए तत्काल तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि इन छह जिलों के 44 विकासखंडों और दो हजार 615 ग्राम पंचायतों में लोक शिक्षा समितियों का गठन कर सर्वे का कार्य युध्द स्तर प्रारंभ करें। श्री अग्रवाल ने स्थानीय स्तर पर समन्वयक व प्रत्येक ग्राम पंचायत में 2-2 के मान से पाँच हजार दो सौ तीस प्रेरकों की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ करने के साथ ही नक्सल प्रभावित जिलों के लिए विशेष रणनीति बनाकर कार्य करने का निर्देष दिए हैं।
क्रमांक 1201/ राजेश

