स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने की शिक्षा कर्मियों की भर्ती की समीक्षा
हर हाल में 31 जुलाई तक भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां मंत्रालय स्थित अपने कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर प्रदेश में जारी शिक्षा कर्मियों की भर्ती की प्रगति की जानकारी ली। श्री अग्रवाल ने बैठक में अधिकारियों को हर हाल में 31 जुलाई 2011 तक शिक्षा कर्मियों की भर्ती की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्री एम.के. राउत, सचिव अनुसूचित जाति एवं जन जाति विकास विभाग श्री मनोज पिंगुआ सहित पंचायत एवं समाज कल्याण, नगरीय प्रशासन और अनुसूचित जाति-जनजाति विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने बैठक में इन विभागों में शिक्षकीय कार्य से जुड़े कर्मचारियों की पदोन्नति, युक्तियुक्तकरण, शिक्षक और उन्नयन किए गए स्कूलों की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। श्री अग्रवाल ने कहा कि स्कूली शिक्षा से संबंधित मामलों में स्कूल शिक्षा, अनुसूचित जाति-जनजाति विकास और नगरीय प्रशासन विभाग को आपसी समन्वय के साथ निर्णय लेकर कार्य करना चाहिए। इससे प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। श्री अग्रवाल ने बैठक में इन विभागों के अंतर्गत शिक्षा कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया तथा रिक्त पदों पर वर्तमान में जारी भर्ती की कार्रवाई की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सरस्वती सायकल वितरण योजना के तहत छात्राओं को सही समय पर सायकल उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

