तेरह स्कूलों में बनेंगे 18 अतिरिक्त कक्ष : 55.80 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी
रायपुर, 08 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के आदिवासी बहुल नगरी विकासखंड की बारह प्राथमिक और एक माध्यमिक शाला में 18 अतिरिक्त कक्ष बनाने की स्वीकृति प्रदान की गयी है। प्रत्येक कक्ष के लिए तीन लाख दस हजार रूपए के मान से कुल 55 लाख 80 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गयी है। कलेक्टर एवं मिशन संचालक राजीव गांधी शिक्षा मिशन धमतरी ने प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश पिछले माह जारी कर दिया है। स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी बनाया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि धमतरी जिले के विकासखंड नगरी की प्राथमिक शाला आमदी के लिए तीन तथा प्राथमिक शाला जामपानी, प्राथमिक शाला टेंगना और प्राथमिक शाला नवागांव कस के लिए दो - दो अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मंजूरी दी गयी है। इनके अलावा प्राथमिक शाला अंजनी, प्राथमिक शाला दाबगांव, प्राथमिक शाला महमल्ला माल, प्राथमिक शाला बटनहर्रा, प्राथमिक शाला घोटगांव, प्राथमिक शाला बनबगौद, प्राथमिक शाला लिखमा, प्राथमिक शाला अरसीकन्हार और माध्यमिक शाला बनबगौद के लिए एक-एक अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत किए गए हैं।

