छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् द्वारा आयोजित परीक्षाओं के नतीजे घोषित
स्कूल शिक्षा मंत्री ने की घोषणा
रायपुर, 23 जून 2011
छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् द्वारा आयोजित प्राच्य संस्कृत वार्षिक परीक्षा 2011 के नतीजे आज यहां घोषित किए गए। स्कूल शिक्षामंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने निवास पर आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परीक्षा परिणाम की औपचारिक घोषणा की। इन परीक्षाओं का परिणाम 85 प्रतिशत रहा।
विद्यामण्डलम् द्वारा प्रथमा (आठवी), पूर्व मध्यमा प्रथम(नवमीं), पूर्व मध्यमा द्वितीय (दसवीं), उत्तर मध्यमा प्रथम (ग्यारहवी) तथा उत्तर मध्यमा द्वितीय (बारहवी) की परीक्षाएं आयोजित की गई। इन परीक्षाओं में एक हजार 986 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें से एक हजार 732 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। प्रथमा का परिणाम 69 प्रतिशत, पूर्व मध्यमा प्रथम 84.8 प्रतिशत, पूर्व मध्यमा द्वितीय 88.5 प्रतिशत, उत्तर मध्यमा प्रथम 91 प्रतिशत तथा उत्तर मध्यमा द्वितीय का परीक्षाफल 91.2 प्रतिशत रहा।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने इन परीक्षाओं में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम द्वारा छत्तीसगढ़ में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने श्री अग्रवाल के मार्गदर्शन में हो रहे कार्यों के लिए उनका अभिनंदन किया गया। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम के सचिव डॉ. सुरेश शर्मा, सहायक संचालक डॉ. कल्पना द्विवेदी, श्री पी.डी. मिश्रा, श्री बंशीधर शर्मा, श्री अश्वनी दुबे, डॉ. राकेश तिवारी और श्री संतोष शर्मा इस अवसर पर उपस्थित थे।

