सरगुजा जिले के दो शिक्षाकर्मी निलम्बित
रायपुर 20 अगस्त 2010
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड के अन्तर्गत आने वाले ग्राम बकनाखुर्द के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षाकर्मी वर्ग-दो श्री दिलीप कुमार श्रीवास्तव और श्री संतोष कुमार सोनी को स्कूल संचालन एवं कार्य के प्रति घोर लापरवाही बरते जाने पर तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। ज्ञातव्य है कि 30 जुलाई 2010 को लगभग 11.35 बजे विद्यालय परिसर में घुसकर गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा पहली कक्षा में अध्ययनरत छात्र नोहर साय राजवाड़े पर प्राणघातक हमला कर दिया था, जिसकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाते समय छात्र की मृत्यु हो गई थी। इस घटना में वहां पदस्थ शिक्षा कर्मियों की घोर लापरवाही सामने आने पर जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा दोनों शिक्षा कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलम्बन अवधि में इन शिक्षाकर्मियों का मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सूरजपुर नियत किया गया है।

