राष्ट्रपति के हाथों आज सम्मानित होंगे छत्तीसगढ़ के शिक्षक
रायपुर, 04 सितम्बर 2011
देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं सुप्रसिध्द शिक्षाविद डॉ. एस. राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के अवसर पर कल पांच सितम्बर को छत्तीसगढ़ के छह अध्यापकों को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से नवाजा जाएगा। राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवी सिंह पाटील कल पांच सितम्बर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन शिक्षकों को सम्मानित करेंगी। राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित होने वाले अध्यापकों में श्री श्रवण कुमार सिन्हा, शासकीय हाईस्कूल माना बस्ती रायपुर, श्री प्रदीप कुमार बेहरा, शासकीय हाईस्कूल सराईपाली रायगढ़, श्रीमती माधवी गनवीर, शासकीय हाईस्कूल बांधाबाजार जिला राजनांदगांव, श्री दयाराम साहू, शासकीय हाईस्कूल मोहंदी जिला धमतरी, श्री राकेश गुप्ता प्रोफेसर जे.एन.पाण्डेय शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर महाविद्यालय रायपुर तथा श्री तातुराम साहू, प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झलमला जिला दुर्ग शामिल हैं।

