छत्तीसगढ़ के मदरसों के एक सौ शिक्षक लेंगे आधुनिक शिक्षा का प्रशिक्षण
शिक्षकों का दल आज हुआ रवाना
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं
रायपुर, 19 अक्टूबर 2010

छत्तीसगढ़ के मदरसों के एक सौ शिक्षकों को धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए इन शिक्षकों का चयन छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड में पंजीकृत मदरसों से किया गया है। इन शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण अल जमा अतुर्रजा बरेली ( उत्तरप्रदेश) में गुरूवार 21 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। चयनित शिक्षक प्रशिक्षण के आज यहां से रवाना हुए। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां शंकर नगर स्थित अपने निवास पर प्रशिक्षण में जाने वाले शिक्षकों को गुलाब फूल भेंटकर शुभकामनाएं दी ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन राज्य शासन और छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है। छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड के अधिकारियों ने इस अवसर पर बताया कि बोर्ड में 427 मदरसे पंजीकृत है। इन्हीं पंजीकृत मदरसों से प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण के बाद इन शिक्षकोें को मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। मास्टर ट्रेनर अन्य मदरसों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ.सलीम राज, लोक शिक्षण संचालनालय के उप संचालक श्री आर.सी.पाण्डव, छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड के सचिव आर.एस. कुरैशी सहित मदरसा बोर्ड के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

