राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान : इस माह स्कूली बच्चों की जिला व राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं
विजेता प्रतिभागियों और उनके स्कूलों को पुरस्कार में मिलेगी नगद राशि
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत इस माह हाईस्कूलों के बच्चों के लिए चित्रकला, निबंध, भाषण और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। 'छत्तीसगढ़-2020' विषय पर केन्द्रित इन प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला और राज्य स्तर पर किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में कक्षा नवमीं और दसवीं में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। सभी जिलों में एक साथ निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता 14 नवम्बर को, भाषण प्रतियोगिता 15 नवम्बर को तथा क्विज प्रतियोगिता 18 नवम्बर को आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं के राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और उनके स्कूलों को बतौर पुरस्कार नगद राशि प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता के लिए 'छत्तीसगढ़ 2020' विषय रखा गया है। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता के लिए 'छत्तीसगढ़ 2020 के निर्माण में मेरी भूमिका' तथा भाषण प्रतियोगिता के लिए 'मेरा छत्तीसगढ़ 2020' विषय निर्धारित किया गया है। निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता मेें हर जिले से चयनित पांच सर्वश्रेष्ठ निबंधों और चित्रों को राज्य स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में हर जिले से चयनित प्रथम तीन प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर दिया जाएगा। क्विज प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से तीन विद्यार्थियों की टीम बनाई जाएगी। इन टीमों की अंतिम प्रतियोगिता राज्य स्तर पर रखी गई है। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार में दस हजार रूपए, द्वितीय पुरस्कार में सात हजार रूपए तथा तृतीय पुरस्कार में पांच हजार रूपए की नगद राशि दी जाएगी। इसी प्रकार राज्य स्तर पर पुरस्कार जीतने वाले प्रतिभागियों के स्कूलों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार रूपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपए तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में दस हजार रूपए की नगद राशि व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।

