स्कूल शिक्षा मंत्री की अनुशंसा पर तीन उत्कृष्ट महिला नेट बाल खिलाड़ियों को मिली विशेष नियुक्ति
रायपुर 09 नवम्बर 2011
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ राज्य शासकीय सेवा में उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियम 2010 के तहत प्रदेश की तीन उत्कृष्ट महिला नेटबाल खिलाड़ियों को स्कूल शिक्षा विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर विशेष नियुक्ति दी गई है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इन खिलाड़ियों की नियुक्ति एवं पदस्थापना के आदेश कल जारी कर दिए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश के अनुसार नेटबॉल खिलाड़ी कुमारी अंतिमा परिहार रायपुर, कुमारी सरिता यादव रायपुर तथा कुमारी सोनिया क्षत्री की विशेष नियुक्ति की गई है। इन खिलाड़ियों को राजधानी रायपुर के ही विभिन्न शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों क्रमश: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाठागांव, शासकीय हिन्दू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय कन्या उच्चातर माध्यमिक विद्यालय डब्ल्यू.आर.एस. कालोनी रायपुर में पदस्थ किया गया है।

