छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल: पत्राचार पाठयक्रम से दसवीं-बारहवीं परीक्षा के लिए अब 30 नवम्बर तक आवेदन फार्म जमा होंगे
रायपुर, 19 नवम्बर 2010
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा परीक्षा वर्ष 2010-11 में आयोजित की जाने वाली पत्राचार पाठयक्रम की हाईस्कूल तथा हायर सेकेण्डरी परीक्षा के लिए विलंब शुल्क के साथ आवेदन फार्म जमा करने की तिथि बढ़ा दी गई है। विलंब शुल्क के साथ अब 30 नवम्बर 2010 तक आवेदन फार्म जमा किए जा सकते है। पहले इसके लिए अंतिम तिथि 15 नवम्बर निर्धारित की गई थी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि पत्राचार पाठयक्रम से आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं की सुविधा की दृष्टि से परीक्षा फार्म जमा करने की तिथि बढ़ाई गई है। अब विलम्ब शुल्क एक हजार रूपए एवं विशेष अनुमति शुल्क पांच सौ रूपए तथा अन्य निर्धारित शुल्क के साथ परीक्षा आवेदन फार्म इस महीने की 30 तारीख तक जमा किए जा सकते हैं। पत्राचार पाठयक्रम से दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र-छात्राएं अपने जिले मे स्थित समन्वय संस्था में उपस्थित होकर प्रथम अवसर के आवेदन पत्र भर सकते हैं। मण्डल के अधिकारियाें ने स्पष्ट किया है कि विशेष अनुमति प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मण्डल के राजधानी रायपुर स्थित मुख्यालय में आने की आवश्यकता नहीं है।

