राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता : नेटबाल और कैरम में छत्तीसगढ़ जनरल चैम्पियन
स्कूल शिक्षा मंत्री ने विजेता टीमों को किया पुरस्कृत

राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा यहां आयोजित सन्तावनवीं राष्ट्रीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता की कैरम और नेटबाल (बालक-बालिका 19 वर्ष) की स्पर्धाओं में छत्तीसगढ़ ने जनरल चैम्पियनशिप जीती। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने नेटबाल के दोनों वर्गों में प्रथम स्थान तथा कैरम बालक वर्ग की टीम चैम्पियनशिप में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज शाम स्थानीय जे.आर.दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित इन स्पर्धाओं के समापन समारोह में विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। समापन समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत रायपुर की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने की। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होना ही बहुत बड़ी उपलब्धि होती है। प्रतियोगिताओं में हारना-जीतना तो लगा रहता है। खेल भावना के साथ अनुशासन का पालन करते हुए प्रतियोगिताओं में शामिल होना महत्वपूर्ण होता है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल से स्वस्थ जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों ने भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है।
यह प्रतियोगिता एक दिसम्बर को शुरू हुई थी। पांच दिन तक चली इस प्रतियोगिता में देश के दस राज्यों तमिलनाडु, पंजाब, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, क
र्नाटक, जम्मू कश्मीर, गुजरात, चंडीगढ़, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के स्कूली खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य ब्रेवरेजेस कार्पोरेशन के अध्यक्ष एवं विधायक श्री देवजी भाई पटेल, रायपुर नगर निगम के सभापति श्री संजय श्रीवास्तव और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष श्री सुभाष तिवारी समारोह के विशिष्ट अतिथि थे। स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक श्री आर.के. पालीवाल, सहायक संचालक खेल श्री एस.आर. कर्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। प्रतियोगिता के नेटबाल बालक 19 वर्ष वर्ग में छत्तीसगढ़ ने प्रथम, दिल्ली ने द्वितीय तथा पंजाब ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेटबाल बालिका 19 वर्ष वर्ग में भी प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमश: छत्तीसगढ़, दिल्ली और पंजाब की टीमों ने जीते। कैरम 19 वर्ष बालक की टीम चैम्पियनशिप मध्यप्रदेश ने जीत ली। द्वितीय स्थान पर छत्तीसगढ़ और तृतीय स्थान पर महाराष्ट्र की टीम रही। कैरम बालिका वर्ग टीम चैम्पियनशिप का खिताब महाराष्ट्र ने जीता। तमिलनाडु ने दूसरा और मध्यप्रदेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कैरम बालक एकल वर्ग में तीनों पुरस्कार महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने जीते। इस वर्ग में प्रथम पुरस्कार नईम अख्तर अंसारी, दूसरा पुरस्कार धीरेन्द्र परमार और तीसरा पुरस्कार मोहसिन कुरैशी ने जीता। कैरम बालिका एकल वर्ग में महाराष्ट्र की मैत्रेयी गोगाटे को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। द्वितीय पुरस्कार चण्डीगढ़ की प्रिया शर्मा और तृतीय पुरस्कार तमिलनाडु की ए.ऐश्वर्या ने जीत लिया।
समापन समारोह में शालेम इंग्लिश स्कूल की छात्राओं ने राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। प्रतिभागी खिलाड़ियों द्वारा परेड का प्रदर्शन किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री ने समापन समारोह में सभी राज्यों के प्रशिक्षकों को भी पुरस्कृत किया। जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर श्रीमती आर बाम्बरा ने प्रतियोगिता आयोजन के संबंध में प्रतिवेदन पढ़ा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती ज्योति सक्सेना ने किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, खेल प्रेमी व स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

