बौने बंधु भी समाज में सम्मान के हकदार : श्री बृजमोहन अग्रवाल
स्कूल शिक्षा मंत्री शामिल हुए बौने बंधु समाज कल्याण संगठन के कार्यक्रम में

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल आज यहां बौने बंधु दिवस पर आयोजित समारोह में शामिल हुए। श्री अग्रवाल ने बौने बंधु समाज कल्याण संगठन द्वारा स्थानीय महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित सभागृह में आयोजित इस समारोह में दो बौने दंपत्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बौने बंधु भी इसी समाज के अंग हैं। सामान्य कद के लोगों को जिस प्रकार का सम्मान समाज में मिलता है, उसी प्रकार के सम्मान का हकदार बौने भाई-बहन भी होते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में इस प्रकार की धारणा होती है कि बौने बंधु दया के पात्र होते हैं। यह गलत धारणा है। बौने बंधु दया के पात्र नहीं होते। उन्हें प्रोत्साहन और भरोसा दिलाने की जरूरत होती है, ताकि वे समाज की मुख्य धारा में शामिल होकर सफलतापूर्वक जीवन यापन कर सके। स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि बौने भाईयों एवं बहनों को शिक्षा प्राप्त करने की दिशा में सोचना चाहिए। शिक्षित होने पर वे स्वरोजगार के माध्यम से बेहतर जीवन जी सकते हैं। समारोह में बौने बंधु समाज कल्याण संगठन के अध्यक्ष श्री अरविन्द शुक्ला, संरक्षक श्री सच्चिदानंद उपासने, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष श्री युनूस कुरैशी, डॉ. तरूण मिश्रा, डॉ. हिमांशु परियल, श्री सचिन मेघानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बौने बंधुओं के कल्याण के लिए योजनाएं बनाने का आश्वासन दिया है। इससे उम्मीद की जा सकती है कि छत्तीसगढ़ भविष्य में देश का ऐसा पहला राज्य बनेगा, जहां बौने बंधुओं के हित में कदम उठाया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने बौने बंधु भानूराम निषाद और उनकी सामान्य कद की पत्नी के साथ-साथ शत्रुघन पाल और यशोदा पाल का सम्मान किया। उन्होंने फिल्म कलाकार नत्थूदादा और आठवी कक्षा में 86 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली सुनीता दत्त भाटापारा को भी सम्मानित किया। बौने बंधु समाज कल्याण संगठन के अध्यक्ष श्री अरविन्द शुक्ला ने अपने संबोधन के माध्यम से बौने बंधुओं के हित में निर्णय लेने का आग्रह शासन से किया।

