साक्षर भारत कार्यक्रम की समीक्षा के लिए बैठक दस मई को
रायपुर, 30 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ में साक्षर भारत कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के लिए आगामी दस मई को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक यहां राजीव गांधी शिक्षा मिशन के पेंशनबाड़ा स्थित राज्य परियोजना कार्यालय में पूर्वान्ह 11 बजे शुरू होगी।
बैठक में साक्षर भारत कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रदेश के आठ जिलों में संचालित गतिविधियों के बाद मिली सफलता की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम के दूसरे और तीसरे चरण में स्वीकृत आठ अन्य जिलों में की जा रही तैयारियों पर भी चर्चा होगी। पिछले महीने की 6 तारीख को आयोजित राष्ट्रव्यापी परीक्षा महाभियान की छत्तीसगढ़ में उपलब्धियों, ग्राम सुराज अभियान के दौरान साक्षर भारत कार्यक्रम के पक्ष में वातावरण निर्माण के लिए किए गए कार्यों, पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि के अंतर्गत राजनांदगांव जिले में निरक्षर, नव-साक्षर तथा पांचवीं से कम पढ़े-लिखे पंचायत प्रतिनिधियों के लिए शुरू किए गए पॉयलेट कार्यात्मक साक्षरता कार्यक्रम आदि की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

