खेल गतिविधियों से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है : श्री अग्रवाल
स्कूल शिक्षा मंत्री ने शा.दू.ब.कन्या महाविद्यालय के खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
रायपुर 21 दिसम्बर 2010
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक शासकीय दूधाधारी बंजरग कन्या महाविद्यालय रायपुर में स्पोर्टस काम्प्लेक्स निर्माण के लिए जल्द से जल्द भूमिपूजन किया जाएगा। श्री अग्रवाल आज इस महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। श्री अग्रवाल ने कहा कि शासकीय दूधाधारी बजरंग महाविद्यालय का शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उपलब्धिपूर्ण इतिहास है। यहां की अनेक छात्राओं ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी श्रेष्ठता साबित की है।
श्री अग्रवाल ने समारोह में शिक्षा सत्र वर्ष 2010-11 की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। स्कूल शिक्षा मंत्री ने खेल गतिविधियों को भी शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और कहा कि खेल में अनुशासन का बड़ा महत्व होता है। खिलाड़ी भावना के साथ खेल के नियमों का पालन करते हुए खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने से व्यक्ति में अनुशासन की भावना स्वाभाविक रूप से विकसित होती है। अनुशासन सफल और सुखद जीवन के लिए जरूरी होता है। श्री अग्रवाल ने कहा कि आज हर व्यक्ति भागमभाग की जिंदगी के कारण हमेशा तनाव में रहता है। इस परिस्थिति में खेल का महत्व और अधिक बढ़ गया है। खेल के मैदान में उतरने से व्यक्ति तनावरहित महसूस करता है। श्री अग्रवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होने पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इससे मनुष्य में आत्मविश्वास भी बढ़ता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविन्द गिरोलकर तथा क्रीड़ा प्रभारी डॉ. अतुल शुक्ला ने महाविद्यालय के खिलाडियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह के प्रारंभ में छात्राओं द्वारा आकर्षक संस्कृतिक कार्यक्रमाें की प्रस्तुति दी गई।

