माह में सात दिन दौरा करेंगे जिला स्तरीय अधिकारी
प्रभारी मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई जिला योजना समिति की बैठक
मेगा हेल्थ कैंप में तीन हजार मरीजों को लाभ पहुंचाने का दिया गया लक्ष्य
रायपुर. 08 जनवरी 2011

प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री तथा महासमुन्द जिले के प्रभारी मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने महासमुन्द जिले के सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे माह में कम से सात दिन ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करें और विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने जिला कलेक्टर को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि मैदानी स्तर पर योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में आ रही दिक्कतों का संबंधित अधिकारियों द्वारा गंभीरतापूर्वक निराकरण किया जाए। साथ ही सभी जिला कार्यालयों में शिकायत पंजी का सही तरीके से संधारण कर माह में एक बार पंजी में दर्ज शिकायतों पर की गई कार्रवाई की अनिवार्य रूप से समीक्षा की जाए। श्री अग्रवाल ने इसकी रिपोर्ट नियमित रूप से हर माह भेजने के कड़े निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि आमजनों की शिकायतों को गंभीरता से हल करने पर जनता और शासकीय अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय स्थापित होगा और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सुविधा होगी। श्री अग्रवाल ने शुक्रवार की देर रात महासमुन्द कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में यह निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने जिले में समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी की समीक्षा के दौरान साफ तौर पर कहा है कि किसानों को समितियों में धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खरीदे गए धान की परिवहन व्यवस्था को सुढृढ किया जाए। ताकि जिले की सहकारी समितियों से धान का सतत् उठाव होता रहे। प्रभारी मंत्री ने जिले में आगामी 17 जनवरी से नौ फरवरी तक आयोजित होने वाले मेगा हेल्थ कैंप में कम से कम तीन हजार मरीजों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, राजीव गांधी शिक्षा मिशन तथा पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं को भी इस कैंप से जोड़ने पर बल दिया जिससे अधिक से अधिक मरीजों को लाभ पहुंचाया जा सके। स्कूल शिक्षा मंत्री ने जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुढृढ बनाने के लिए अगले एक माह के अंदर सभी स्कूलों में शिक्षाकर्मियों के रिक्त शत-प्रतिशत् पदों को भरने के सख्त निर्देश दिए। श्री अग्रवाल ने आगामी सात दिनों के अंदर सभी विकासखण्डों में रिक्त पदों की जानकारी एकत्र करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होेंने सभी स्कूलों में शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति सेटअप के अनुसार करने पर बल दिया है। जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत प्राप्त लक्ष्य की समीक्षा करते हुए मंत्री ने त्वरित गति से प्रशासकीय स्वीकृति देने और काम चालू कराने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि इस योजना से स्थानीय मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के अलावा परिसम्पति निर्माण में काफी सहयोग मिलता है। अत: इस योजना से अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के तहत ज्यादा से ज्यादा सड़क किनारे वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जल आवर्धन योजना की प्रगति की जानकारी ली तथा इसकी कार्ययोजना बनाकर उन्हें रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। श्री अग्रवाल ने नलकूप खनन पर शासन द्वारा अगले छ: माह के लिए हटाए गए प्रतिबंध का जिक्र करते हुए कहा कि जिले में नलकूप खनन संबंधित सभी लंबित आवेदन पत्रों का त्वरित निपटारा कर लिया जाए। प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में चौदह सौ स्थाई विद्युत पंप कनेक्शन के लंबित आवेदन की पूरी रिपोर्ट उन्हें भेजने के निर्देश दिए हैं।
अनुसूचित जाति तथा जनजाति विकास विभाग को वित्तीय वर्ष 2010-11 में विशेष केंद्रीय सहायता मद (माडा पॉकेट) में दो करोड़ 41 लाख 90 हजार रूपए की कार्ययोजना प्राप्त हुई है। जिला योजना समिति की बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास द्वारा विशेष केंद्रीय सहायता मद में माडा पॉकेट एक और दो के तहत प्रथम किश्त के रूप में दो करोड़ 32 लाख 90 हजार की आबंटित राशि के तहत काम कराने हेतु निर्धारित कार्य एजेंसियों का अनुमोदन प्रस्तावित किया गया। प्रभारी मंत्री ने सहायक आयुक्त आदिवासी को निर्देशित किया कि वे योजना के तहत ऐसे कार्योें का प्रस्ताव तैयार करें, जिससे जिले के 415 माडा पॉकेट गांवों को सीधे-सीधे लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने इस कार्य को त्वरित गति से करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में महासमुंद विधायक श्री अग्नि चंद्राकर, खल्लारी विधायक श्री परेश बागबाहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरला कोसरिया सहित जिला योजना समिति के सदस्य, कलेक्टर श्रीमती अलरमेलमंगई डी., पुलिस अधीक्षक श्री गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

