नये स्कूल भवनों की मानक प्राक्कलन राशि में वृध्दि
रायपुर 5 मई 2010
छत्तीसगढ़ में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तहत बनने वाले प्राथमिक शालाओं और पूर्व माध्यमिक शालाओं के नये भवनों तथा अतिरिक्त कमरों के लिए स्वीकृत की जाने वाली राशि में वृध्दि की गई है। मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन की अध्यक्षता में आयोजित राजीव गांधी शिक्षा मिशन की कार्यकारिणी की बैठक में नये भवनों के वर्तमान मानक प्राक्कलन को पुनरीक्षित कर नये मानक प्राक्कलन का अनुमोदन किया गया।
राजीव गांधी शिक्षा मिशन के राज्य परियोजना कार्यालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि वर्तमान में नये प्राथमिक शाला भवन के लिए चार लाख 65 हजार रूपए, नये पूर्व माध्यमिक शाला भवन के लिए पांच लाख 17 हजार रूपए और अतिरिक्त कमरा निर्माण के लिए दो लाख रूपए का मानक प्राक्कलन निर्धारित है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान मानक प्राक्कलन में भवनों में शौचालय निर्माण, विद्युतीकरण और मध्यान्ह भोजन किचन शेड निर्माण का प्रावधान शामिल नहीं है। भवन बनने के बाद इनके निर्माण की आवश्यकता महसूस होने पर बजट की समस्या आती है। इसके अलावा सभी भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सहित अन्य सुविधाओं की जरूरत भी पड़ती है। इन सब कारणों से नये स्कूल भवनों के मानक प्राक्कलन की राशि में बढ़ोतरी की गई है। नये अनुमोदित मानक प्राक्कलन के अनुसार अब नये प्राथमिक शाला भवन के लिए सात लाख 74 हजार रूपए, नये पूर्व माध्यमिक शाला भवन के लिए आठ लाख 82 हजार रूपए तथा अतिरिक्त कमरा के लिए तीन लाख 10 हजार रूपए का प्रावधान किया जाएगा।

