स्कूल शिक्षा मंत्री ने किया प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान
रायपुर, 14 मई 2011
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां अपने निवास पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में इस साल की बारहवीं बोर्ड परीक्षा की तदर्थ प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले पांच छात्र-छात्राओं का रायपुर की समाजसेवी संस्था राष्ट्रीय दिशा मंच की ओर से सम्मान किया। इन होनहार विद्यार्थियों को शॉल, श्रीफल, प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में करिश्मा पारख, अनुषा पिल्लई, नीरज वर्मा, टिकेश्वरी साहू और सुभाष देवांगन शामिल थे।
राष्ट्रीय दिशा मंच के सदस्यों ने इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल को एक ज्ञापन सौंपकर बारहवीं परीक्षा की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं के आगे की पढ़ाई की नि:शुल्क व्यवस्था करने के लिए शासन स्तर पर पहल करने का आग्रह किया। श्री अग्रवाल ने इस पर गंभीरता से विचार कर प्रतिभावान विद्यार्थियों के हित में जरूरी निर्णय लेने का आश्वासन राष्ट्रीय दिशा मंच के सदस्यों को दिया। इस मौके पर राष्ट्रीय दिशा मंच के श्री किरोड़ीमल अग्रवाल, श्री प्रताप पारख, श्री आदित्य चांडक, श्री मोहन सावंत, श्री विजय खण्डेलवाल और श्री तपन चक्रवर्ती उपस्थित थे।

