भारतीय रिजर्व बैंक समन्वय समिति की बैठक एक दिसम्बर को
गैर बैंकिंग संस्थाओं के काम-काज की होगी समीक्षा
रायपुर, 30 नवम्बर 2011
भारतीय रिजर्व बैंक की छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय समन्वय समिति की 19 वीं बैठक कल एक दिसम्बर को यहां माना विमान तल मार्ग स्थित होटल बेबीलॉन में दोपहर 12.30 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक (मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़) श्री पी.के. पण्डा करेंगे। बैठक में उन वित्तीय संस्थाओं- गैर बैकिंग फायनेंस कम्पनियों के काम-काज के बारे में चर्चा होगी, जो कम्पनी एक्ट के तहत पंजीकृत हैं, लेकिन जिनका पंजीयन भारतीय रिजर्व बैंक में नहीं हुआ है। इसी तरह आवासीय ऋण देने वाली हाऊसिंग फायनेंस कम्पनियों की आर्थिक गतिविधियों की समीक्षा भी बैठक में की जाएगी। भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि बैठक में राज्य सरकार के वित्त, गृह और विधि विभागों के प्रमुख सचिव/सचिव स्तर के अधिकारियों सहित पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।

