छठवां वेतनमान : बकाया राशि की तीसरी किश्त का इस वर्ष होगा भुगतान
वित्त विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर, 10 मई 2011
राज्य शासन के कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ वेतन पुनरीक्षण नियम 2009 के तहत छठवें वेतनमान के देय बकाया वेतन (एरियर्स) की तीसरी और अंतिम किश्त इस वित्तीय वर्ष में दे दी जाएगी। इसके भुगतान का आदेश आज यहां मंत्रालय से वित्त विभाग ने जारी कर दिया। वित्त विभाग द्वारा अध्यक्ष राजस्व मण्डल सहित राज्य शासन के सभी विभागाध्यक्षों, संभागीय कमिश्नरों और जिला कलेक्टरों को परिपत्र भेजकर छत्तीसगढ़ वेतन पुनरीक्षण नियम 2009 के तहत सितंबर 2007 से अगस्त 2008 तक की अवधि की बकाया राशि का भुगतान चालू वित्तीय वर्ष 2011-12 में करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। परिपत्र में कहा गया है कि इस भुगतान से नियमानुसार सामान्य भविष्य निधि अंशदान और आयकर की कटौती की जाएगी। छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र जैन और प्रदेश महामंत्री श्री वीरेन्द्र नामदेव सहित संघ के सभी पदाधिकारियों ने इसके लिए समस्त कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।

