वाणिज्यिक कर जांच चौकियां 31 मार्च की रात से समाप्त
रायपुर 31 मार्च 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा बजट सत्र में विधानसभा में की गई घोषणा के अनुरूप वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ की सीमाओं में स्थापित वाणिज्यिक कर की सभी जांच चौकियों को बंद कर दिया गया है। वाणिज्यिक कर आयुक्त द्वारा इस संबंध में आज यहां आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक राजनांदगांव जिले में स्थित पाटेकोहरा, कबीरधाम जिले में स्थित पौड़ी, महासमुंद जिले में स्थित खम्हारपाली, जशपुर जिले में स्थित लोदाम और सरगुजा जिले में स्थित वाड्रफनगर की जांच चौकियां 31 मार्च की रात्रि 12 से बंद हो जाएंगी। राज्य शासन द्वारा राज्य की सीमाओं पर कर अपवंचन की रोकथाम के उदेश्य से वाणिज्यिक कर की जांच चौकियों को अस्थायी रूप से एक वर्ष के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। जांच चौकियों को समाप्त करने के साथ ही वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ मूल्य संवर्धित कर अधिनियम 2005 की धारा 58 में प्रदत शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए जांच चौकियों के संबंध में 13 अप्रैल 2006 को जारी अधिसूचना की प्रभावशीलता को विखंडित कर दिया गया है।

