रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए हेल्प लाईन सेवा प्रारंभ
टोल-फ्री नम्बर 1800-233-3555 पर दर्ज कराएं अपनी समस्या
रायपुर, 05 अप्रैल 2010
छत्तीसगढ़ में रसोई गैस के लगभग ग्यारह लाख उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अखिल भारतीय टोल-फ्री टेलीफोन नम्बर 1800-233-3555 के जरिए हेल्प लाईन सेवा शुरू की गयी है। यह जानकारी आज यहां राज्य सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में दी गयी। स्थानीय नवीन विश्राम गृह में आयोजित बैठक में विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक ढांड ने बताया कि प्रदेश में रसोई गैस उपभोक्ताओं की संख्या ग्यारह लाख तक पहुंच गई है। घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति इंडियन आयल कार्पोरेशन, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस से संबंधित उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प लाइन सुविधा शुरू की गई है। उपभोक्ता 1800-233-3555 के टोल-फ्री हेल्प लाइन फोन नम्बर पर अपनी रसोई गैस से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी दे सकते हैं। उनकी शिकायत को पंजीबध्द कर निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि इसके अलावा इंडियन आयल कार्पोरेशन के अधिकारी श्री पाली के मोबाइल नम्बर 94250-13763, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारी श्री जनेऊ के मोबाइल नम्बर 94242-04252 और भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन के श्री गौरव मदान के मोबाइल नम्बर 94246-67752 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है। श्री ढांड ने घरेलू रसोई गैस की घर पहुंच सेवा के लिए एस.एम.एस. के जरिए भी बुकिंग कराने की सुविधा की जानकारी दी। श्री ढांड ने कहा कि एकल कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को पात्रता के अनुसार उन्हें डबल कनेक्शन दिया जाये। इसके लिए उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों को विशेष शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजीव गांधी ग्रामीण एल.पी.जी. वितरण योजना के तहत विकासखण्डों में 39 वितरण केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों के प्रारंभ हो जाने पर ग्रामीणों को भी घरेलू रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
क्रमांक 092/लहरे

