छत्तीसगढ़ के बारह लाख से अधिक किसानों को मिला किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ
रायपुर, 18 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ के किसानों को आसानी से कृषि ऋण प्रदान करने के लिए राज्य शासन द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए जा रहे है। प्रदेष के बारह लाख से अधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराकर तीन हजार 892 करोड़ रूपए से अधिक राशि की साख सीमा स्वीकृत की गयी है।
सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश की एक हजार 333 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के नियमित सदस्यों को अल्पकालीन ऋण की साख सीमा उनकी पात्रता अनुसार उपलब्ध करायी जा रही है। वर्तमान में किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण की अधिकतम साख सीमा पांच लाख रूपए तक निर्धारित है। यह ऋण 60 प्रतिशत नगद और 40 प्रतिशत वस्तु (खाद बीज) आदि के रूप में दिया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2010-11 में प्रदेश के बारह लाख तीन हजार 575 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान कर 3892 करोड़ 89 लाख रूपए की साख सीमा स्वीकृत की गयी है।

