गांव से लेकर शहरों तक छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास - श्री कंवर
रायपुर, 03 नवम्बर 2011

गृह, जेल एवं सहकारिता मंत्री श्री ननकीराम कंवर ने कहा है कि राज्य निर्माण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में गांव से लेकर शहरों तक छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास हो रहा है। छत्तीसगढ़ की जनता, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के समवेत प्रयास से प्रदेश के विकास के लिए तेजी से काम हो रहे हैं। जशपुर जिले के प्रभारी श्री ननकीराम कंवर ने कल जिला मुख्यालय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही। श्री कंवर ने इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर जिले के सर्वांगीण विकास के लिए और भी तेजी से विकास के कार्य कराए जाएंगे। पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय, संसदीय सचिव श्री भरत साय और स्थानीय विधायक श्री जागेश्वर राम भगत ने भी सभा को संबोधित कर जिले की जनता को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ठुनी बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

