केवल वास्तविक किसानों का ही खरीदा जाए धान - श्री मोहले
घरेलू रसोई गैस का दुरूपयोग करने वाले के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
रायपुर 22 नवम्बर 2011
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले ने धान खरीदी में संलग्न अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि वे खरीफ विपणन वर्ष 2011-12 में वास्तविक किसानों के ही धान का क्रय किया जाए। उन्होंने कहा है कि किसी भी स्थिति में व्यापारी और बिचौलियों से धान की खरीदी न किया जाए। श्री मोहले कल 21 नवम्बर को जिला मुख्यालय कोरबा के पंचवटी विश्राम गृह में खाद्य विभाग की जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी की प्रगति और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य दुकानों के काम-काज की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने घरेलू रसोई गैस (एल.पी.जी.) तथा कैरोसिन वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की।
श्री मोहले ने कहा कि प्रदेश में स्थापित उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक में दिनों दिन वृध्दि हो रही है। आने वाले समय में इसकी आवक में और बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में व्यापारियों और बिचौलियों द्वारा धान बेचने की आशंका बनी रहती है। संबंधित अधिकारियों को इस पर कड़ी निगाह रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में वास्तविक किसानों के ही धान क्रय किया जाए। श्री मोहले ने समितियों से धान के उठाव, परिहवन व्यवस्था, भंडारण, कस्टम मिलिंग आदि की भी समीक्षा की। श्री मोहले ने किसानों के लिए पेयजल व्यवस्था, बैठक व्यवस्था के अलावा डे्रनेज व्यवस्था, कम्प्यूटर और कम्प्यूटर व्यवस्था, चेक रोल, कांट बांटे की व्यवस्था आदि की भी जानकारी प्राप्त की। श्री मोहले ने कोरबा जिले में घरेलू रसोई गैस और कैरोसिन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने घरेलू रसोई गैस एवं कैरोसिन का दुरूपयोग करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

